मुज़फ्फरनगर। मेरठ रोड स्थित फेडरेशन ऑफ मुज़फ्फरनगर कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के सभागार में आयोजित बैठक में प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने नगर की विद्युत व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के निदेशक एन.के. मिश्रा, मुख्य अभियंता पवन कुमार गुप्ता, मनोज कुमार यादव समेत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मुजफ्फरनगर में बिजली आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। मंत्री ने कहा कि नगर की विद्युत व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए तत्काल प्रभाव से ठोस और परिणामकारी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में मंत्री ने विशेष रूप से तीनों सबडिवीजनों को डबल करने की प्रक्रिया तेज करने, ट्रांसफार्मरों की फेजिंग, जर्जर एवं पुराने तारों को बदलने, ओवरलोडिंग की समस्या का समाधान करने तथा आवश्यकता अनुसार नए ट्रांसफार्मर स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ये सभी कार्य तय समय सीमा के भीतर प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं ताकि आमजन और उद्योगों को राहत मिल सके।कपिल देव अग्रवाल ने अधिकारियों को आगामी छह माह के लिए विस्तृत, व्यावहारिक और प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए। इस योजना में दीर्घकालिक सुधार, तकनीकी उन्नयन और बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता बेहतर बनाने से जुड़े सभी आवश्यक बिंदु शामिल करने को कहा गया।बैठक के दौरान स्थानीय उद्यमियों और नगरवासियों ने अनियमित बिजली कटौती, लो-वोल्टेज, अत्यधिक लोड, जर्जर लाइनें और ट्रांसफार्मरों की कमी जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। मंत्री ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर शिकायत का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए और जवाबदेही तय की जाए।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता औद्योगिक विकास को गति देने के साथ-साथ नागरिकों को निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण और भरोसेमंद बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराना है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई जेई फोन नहीं उठाता है तो वह स्वयं शासन को उसके खिलाफ पत्र लिखेंगे।उन्होंने कहा कि यह बैठक केवल समीक्षा तक सीमित नहीं बल्कि नगर की विद्युत व्यवस्था में स्थायी सुधार लाने और जनता को राहत देने की परिणामोन्मुख पहल है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे कार्यों की प्रगति समय-समय पर रिपोर्ट के माध्यम से प्रस्तुत करें।इस अवसर पर नील कमलपुरी, अंकित संगल, राहुल मित्तल, अभिषेक अग्रवाल, अंकुर गर्ग, विपुल भटनागर, रविन्द्र सिंघल, राजेश जैन, अरविन्द गुप्ता, अश्वनी मित्तल, राकेश जैन, विपल्व जैन, रजनीश त्यागी, राकेश ढींगरा, सुरेंद्र अग्रवाल, सुशील अग्रवाल और दिव्यांशु त्यागी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।















