मुजफ्फरनगर/बुढ़ाना। समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय सचिव नवाब इम्तियाज़ ने लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान बुढ़ाना विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति, संगठन की मजबूती तथा आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में मुजफ्फरनगर के सांसद हरेंद्र सिंह मलिक और समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष जिया चौधरी भी मौजूद रहे। बातचीत के दौरान बुढ़ाना विधानसभा को लेकर संगठनात्मक गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और चुनावी रणनीति पर विशेष मंथन किया गया।
भेंट के दौरान नवाब इम्तियाज़ ने अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े शिक्षा, रोजगार, सुरक्षा तथा सामाजिक विकास के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा सभी वर्गों की आवाज़ उठाती रही है और आने वाले समय में भी पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने संगठन के विस्तार, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी तथा जनता के बीच पार्टी की नीतियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने के संबंध में अपने सुझाव भी रखे। नवाब इम्तियाज़ ने बुढ़ाना विधानसभा क्षेत्र की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों की जानकारी देते हुए बताया कि कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
इस अवसर पर अखिलेश यादव ने स्पष्ट कहा कि समाजवादी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में ऐसे उम्मीदवार को मैदान में उतारेगी जो जनता के बीच लोकप्रिय हो, मेहनती हो और जीत सुनिश्चित करने की क्षमता रखता हो। उन्होंने कहा कि पार्टी की प्राथमिकता जनता का विश्वास और कार्यकर्ताओं की मेहनत है। संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता का आधार बनेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहने, जनता की समस्याओं को उठाने और पार्टी की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
नवाब इम्तियाज़ ने बैठक के बाद कहा कि बुढ़ाना विधानसभा में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ संगठन को मजबूत करने में लगे हुए हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी को और अधिक सशक्त बनाने की अपील की। इस दौरान सांसद हरेंद्र सिंह मलिक, जिला अध्यक्ष जिया चौधरी, चरथावल विधायक पंकज मलिक, विधानसभा अध्यक्ष अकरम खान, अतहर खान उमरपुर, इमरान प्रधान हजूर नगर, हसीन कुरैशी, इकबाल कुरैशी, जितेंद्र कश्यप सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।























































