मुजफ्फरनगर में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के दूसरे दिन राष्ट्रीय मतदाता दिवस का मुख्य कार्यक्रम नुमाइश मैदान में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ आयोजित किया गया। इस मौके पर एलईडी स्क्रीन पर मतदाता जागरूकता पर आधारित लघु फिल्म और मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार का संदेश प्रसारित किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, विधायक बुढ़ाना राजपाल सिंह बालियान और जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने बूथ लेवल ऑफिसर्स और स्वीप कार्यक्रमों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। साथ ही, पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को मतदाता पहचान पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ और जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने मतदाता शपथ दिलाई। जिले के विद्यालयों में मतदाता जागरूकता रैली, स्लोगन लेखन, निबंध प्रतियोगिताओं के माध्यम से जागरूकता फैलाई गई। कार्यक्रम का संचालन बाल कल्याण समिति के राजीव कुमार और स्काउट गाइड के भारत भूषण अरोड़ा ने किया।















