मुजफ्फरनगर में राष्ट्रीय खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान शुरू,

मुजफ्फरनगर। जनपद में राष्ट्रीय खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) अभियान के आठवें चरण का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कलेक्ट्रेट परिसर से सचल पशु चिकित्सा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जबकि भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी ने विकास भवन प्रांगण से मोबाइल वेटनरी यूनिट वाहनों को अभियान के लिए रवाना किया। अधिकारियों ने पशुपालकों से अभियान का लाभ उठाकर अपने पशुओं का समय पर टीकाकरण कराने की अपील की।

जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और हजारों परिवारों की आजीविका का प्रमुख आधार भी है। ऐसे में पशुओं को संक्रामक रोगों से सुरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पशुपालन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ 45 दिवसीय अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी ने विभाग की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए निराश्रित पशुओं के उपचार, संरक्षण और एफएमडी टीकाकरण अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र गुप्ता ने बताया कि अभियान सितंबर तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान जनपद के 5 लाख 31 हजार 200 दुधारू पशुओं को पूरी तरह निशुल्क टीका लगाया जाएगा। इसके लिए 31 टीमें गठित की गई हैं, जो गांव-गांव जाकर पशुओं का टीकाकरण करेंगी। नोडल अधिकारी डॉ. सुमित कौशिक ने बताया कि खुरपका-मुंहपका रोग अत्यंत संक्रामक है, जिसमें पशुओं को तेज बुखार आने के साथ मुंह और पैरों में छाले पड़ जाते हैं। इससे पशु खाना-पीना छोड़ देता है, कमजोर हो जाता है और समय पर उपचार व बचाव न मिलने पर उसकी मृत्यु भी हो सकती है। इसलिए पशुओं को वर्ष में दो बार टीकाकरण कराना आवश्यक है। शुभारंभ कार्यक्रम में डॉ. संदीप सिंह सहित विभिन्न विकासखंडों के उपमुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी एवं पशु चिकित्सा अधिकारी भी मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts