मेरठ। 22 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मेरठ आ रहे हैं और नमो भारत ट्रेन के बचे हिस्से व मेरठ मेट्रो का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं।शनिवार को रैली स्थल और रैपिड स्टेशनों पर सुरक्षा ब्रीफिंग की जाएगी। रैपिड स्टेशनों से लेकर रैली स्थल तक प्रधानमंत्री थ्री लेयर सुरक्षा में रहेंगे। उन्हें हेलीपैड से लेकर स्टेशन और रैली स्थल तक एसपीजी (विशेष सुरक्षा समूह) अपने घेरे में रखेगी। जनपद में एसपीजी की टीम ने डेरा डाल दिया है। शनिवार को एसपीजी के डीजी आलोक शर्मा भी पहुंचेंगे। वहीं क्षेत्र को भी नो फ्लाईजोन घोषित कर दिया गया है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रधानमंत्री की सुरक्षा थ्री लेयर में होगी। प्रथम लेयर में एसपीजी के कमांडो रहेंगे, जबकि काफिले में बुलेट प्रूफ कार, आर्मर्ड गाड़ियां, एंबुलेंस और जैमर वाहन शामिल होंगे। इस काफिले में लगभग 100 जवान तैनात रहेंगे। एसपी रैंक के 150 और 100 प्रशासनिक अधिकारी भी सुरक्षा में शामिल रहेंगे। इंटेलिजेंस, आइबी और एटीएस की टीम भी लगाई गई है। कुल मिलाकर करीब 8000 जवानों को सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात किया गया है।
विभिन्न जनपदों से पुलिस बल
प्रधानमंत्री की रैली में सुरक्षा के लिए बुलंदशहर, हापुड़, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, मुजफ्फरनगर, बागपत, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरैली, अलीगढ़, आगरा समेत 12 जनपदों से पुलिस बल बुलाया गया है। करीब 45 आइएएस-आइपीएस अधिकारी, 105 पीसीएस एवं पीपीएस अधिकारी, 1500 इंस्पेक्टर, 3500 दारोगा और हेडकांस्टेबल और सिपाही को भी रखा गया है।
ट्रकों का संचालन पूरी तरह से बंद
प्रधानमंत्री की आगामी रैली को लेकर एसपी यातायात राघवेंद्र मिश्रा ने यूपी मोटर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें दोनों संगठनों के प्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया कि वे 21 व 22 फरवरी को ट्रकों का संचालन पूरी तरह से बंद रखेंगे। यूपी मोटर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के मेरठ जोन के अध्यक्ष पिंकी चिन्योटी ने बताया कि प्रधानमंत्री के आगमन के मद्देनजर 21 फरवरी को दिल्ली रोड पर ट्रायल होगा, इसलिए उस दिन शाम चार बजे तक ट्रकों का संचालन बंद रहेगा।
इसके अलावा 22 को भी शाम चार बजे तक ट्रकों का संचालन बंद करने का निर्णय लिया गया है, जिसे व्यापारियों ने समर्थन किया है। इस दौरान अमरजीत, पंकज अनेजा, समीर कोहली, सरदार बाबू सिंह मौजूद रहे। ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने भी दिया बंद का समर्थन: ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष गौरव शर्मा ने भी 21 व 22 को ट्रकों का संचालन बंद करने के निर्णय का समर्थन किया।
उन्होंने बैठक में एसपी यातायात से टीपीनगर चौराहे पर लाल बत्ती लगाने की मांग की, जहां अक्सर जाम की समस्या रहती है। उन्होंने लाइट लगाने का आश्वासन दिया। बैठक में सरदार खेता सिंह, रोहित कपूर, शिवम विनायक, अंकुर प्रजापति और अशोक शर्मा आदि उपस्थित रहे।















