पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को नांगल डैम पहुंचकर हरियाणा को पानी देने के मुद्दे पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पंजाब के पास खुद पीने और सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं है, ऐसे में हरियाणा को किसी भी कीमत पर पानी नहीं दिया जाएगा। मान ने कहा कि सतलुज-यमुना लिंक (SYL) नहर का मुद्दा पंजाब के अस्तित्व और किसानों की आजीविका से जुड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व की सरकारों ने केंद्र सरकार के दबाव में आकर पंजाब के हितों के साथ समझौता किया, लेकिन अब उनकी सरकार ऐसा नहीं होने देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की नदियों में जलस्तर लगातार गिर रहा है और कई जिलों में भूजल संकट गहराता जा रहा है। ऐसे में SYL नहर बनाकर पानी देना राज्य के हितों के खिलाफ होगा। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब ने हरियाणा सहित अन्य राज्यों को पहले ही पर्याप्त पानी दे दिया है, और अब और पानी देना संभव नहीं है।मान ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि वह पंजाब के हितों को प्राथमिकता दे और राज्य को पानी के मसले पर मजबूर न करे। उन्होंने यह भी चेताया कि अगर जबरदस्ती की गई तो पंजाब के लोग सड़कों पर उतर आएंगे। उनके इस बयान से पंजाब-हरियाणा के बीच पानी विवाद एक बार फिर तेज हो गया है।















