मुजफ्फरनगर: नगर पालिका परिषद ने जनता को दी विकास की सौगात, नवनिर्मित सीसी सड़कों और नाले का लोकार्पण

मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद ने शहर के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए एक बार फिर विकास कार्यों की सौगात दी है। परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने शुक्रवार को विभिन्न वार्डों में करोड़ों रुपये की लागत से बने नवनिर्मित सीसी सड़कों और सीसी नाले का लोकार्पण किया। यह कार्य राज्य वित्त और 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत प्राप्त धनराशि से पूरे किए गए हैं। जानकारी के अनुसार करीब 86 लाख रुपये की लागत से पांच सीसी सड़कों और लगभग 400 मीटर लंबे सीसी नाले का निर्माण कराया गया है। कांवड़ मार्ग पर जल निकासी को सुदृढ़ बनाने के लिए मदनी चौक से बझेड़ी अंडरपास तक लगभग 40 लाख रुपये की लागत से 390 मीटर लंबे सीसी नाले का निर्माण कार्य पूरा हुआ। इसके साथ ही वार्ड 52 में दो सीसी सड़कों और नाली निर्माण कार्य का भी उद्घाटन किया गया, जहां सभासद पति वाजिद अली और स्थानीय नागरिकों ने पालिकाध्यक्ष का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। वार्ड 41 की आदर्श कालोनी में आठ लाख रुपये की लागत से बनी सीसी सड़क का लोकार्पण किया गया, जिसे सभासद हिमांशु कौशिक और स्थानीय नागरिकों ने लंबे समय से चली रही समस्या का समाधान बताते हुए सराहा। वहीं वार्ड 26 में साकेत कालोनी मुख्य मार्ग और ब्रह्मपुरी क्षेत्र में करीब 30 लाख रुपये की लागत से दो नवनिर्मित सीसी सड़कों और नाली का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने फूल मालाओं और बुके देकर पालिकाध्यक्ष का स्वागत किया। मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि नगर पालिका परिषद शहर के सौंदर्यीकरण, सफाई व्यवस्था, जल निकासी, यातायात और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से मुजफ्फरनगर को एक स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक नगर बनाया जाएगा। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि कांवड़ मार्ग पर बाईं ओर का नाला बनकर तैयार हो चुका है और जल्द ही दायीं ओर के नाले का निर्माण भी शुरू किया जाएगा, जिस पर 40 लाख रुपये की लागत आएगी। दोनों ओर नाले बनने से क्षेत्र के निवासियों और कांवड़ यात्रा के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को जलभराव से राहत मिलेगी और स्थायी समाधान संभव होगा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts