मुज़फ्फरनगर नगर पालिका ने शुरू किया सफाई अभियान का नया अध्याय, 64 लाख की लागत से पांच अत्याधुनिक ट्रैक्टर-ट्रॉलियाँ हुईं समर्पित

मुज़फ्फरनगर। नगर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नगरपालिका ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए  शहरवासियों को पांच नई अत्याधुनिक ट्रैक्टर-ट्रॉलियाँ समर्पित कीं। लगभग 64 लाख रुपये की लागत से खरीदे गए ये वाहन बढ़ती आबादी और विस्तृत होते शहरी क्षेत्र में सफाई तंत्र को गति और मजबूती प्रदान करेंगे। 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत प्राप्त अनुदान से खरीदी गई इन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के लोकार्पण कार्यक्रम का आयोजन मेरठ रोड स्थित कंपनी बाग में किया गया, जहां नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप और ईओ नगर पालिका डॉ. प्रज्ञा सिंह ने पालिका सभासदों की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर इन्हें विभिन्न वार्डों के लिए रवाना किया।

इस दौरान नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि इन नए वाहनों के शामिल होने से कूड़ा संग्रहण और परिवहन की प्रक्रिया और तेज तथा व्यवस्थित होगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगरपालिका की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। नगर पालिका प्रशासन संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कर रहा है, परंतु शहर को गारबेज फ्री बनाने के लिए जनता का सहयोग सबसे अहम है।

लोकार्पण के बाद नगरपालिका अध्यक्ष और ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह ने कंपनी बाग का निरीक्षण करते हुए पार्क में सफाई व्यवस्था, निर्माण कार्यों, पथ-प्रकाश व्यवस्था और हरियाली बढ़ाने की गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि पार्कों में स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर निरंतर ध्यान दिया जाए ताकि नागरिक साफ-सुथरे वातावरण का लाभ उठा सकें।

कार्यक्रम में सभासद मोहम्मद खालिद, शौकत अंसारी, अमित पाल, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय प्रताप शाही, सीएसएफआई योगेश गोलियान, एसएफआई प्लाक्षा मैनवाल, वैशाली सोती, एसबीएम लिपिक रूचि शर्मा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। नगरपालिका को उम्मीद है कि इस कदम से शहर की सफाई प्रणाली में बड़ा सकारात्मक बदलाव आएगा और मुज़फ्फरनगर अधिक स्वच्छ, स्वस्थ और आकर्षक शहर के रूप में विकसित होगा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts