स्मार्ट पुलिसिंग की ओर बढ़ा मुजफ्फरनगर, विवेचकों को मिले 220 टैबलेट.

मुजफ्फरनगर पुलिस ने स्मार्ट पुलिसिंग और तकनीक आधारित विवेचना प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं विभिन्न थानों पर नियुक्त विवेचकों को 220 टैबलेट वितरित किए। इन टैबलेट्स का उद्देश्य विवेचना कार्य को अधिक आधुनिक, प्रभावी, पारदर्शी और तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाना है। प्रत्येक टैबलेट के साथ कीबोर्ड की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे आवश्यकता अनुसार अलग से उपयोग किया जा सकेगा।

पुलिस विभाग द्वारा वितरित किए गए इन टैबलेट्स का उपयोग नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, ई-साक्ष्य एप, यक्ष ऐप, केस डायरी लेखन, डिजिटल साक्ष्य संकलन, ऑनलाइन रिपोर्टिंग और अभियोगों की मॉनिटरिंग जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में किया जाएगा। इसके माध्यम से विवेचक घटनास्थल से ही डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रूप से अपलोड कर सकेंगे तथा विभिन्न पुलिस पोर्टलों पर तत्काल अपडेट भी दर्ज किए जा सकेंगे। इससे विवेचना प्रक्रिया में तेजी आने के साथ-साथ कार्यों की सटीकता और जवाबदेही भी बढ़ेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने कहा कि नए आपराधिक कानूनों में तकनीक आधारित विवेचना, डिजिटल साक्ष्य और समयबद्ध कार्रवाई को विशेष महत्व दिया गया है। ऐसे में सभी विवेचकों को तकनीकी संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और त्वरित विवेचना सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक उपकरणों के उपयोग से केस डायरी तैयार करना, दस्तावेजों का संकलन, डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रखना और अपराधियों का सत्यापन जैसे कार्य पहले की तुलना में अधिक सरल और प्रभावी हो जाएंगे।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने भी अधिकारियों और विवेचकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकी संसाधनों का नियमित और प्रभावी उपयोग पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक मजबूत एवं पारदर्शी बनाएगा। साथ ही इससे आमजन को त्वरित न्याय दिलाने में भी सहायता मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान सभी अधिकारियों को विभिन्न पुलिस एप्स के बेहतर उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts