मुजफ्फरनगर। प्रदेश स्तर से चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जारी की गई यूपी हेल्थ डैशबोर्ड रैंकिंग में इस माह जनपद मुजफ्फरनगर ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह रैंकिंग स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों में जनपदों की उपलब्धियों के आधार पर तय की जाती है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि जनपद ने परिवार नियोजन कार्यक्रम, बच्चों के 100% टीकाकरण और गर्भवती महिलाओं की एचआईवी जांच में भी प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा अन्य स्वास्थ्य योजनाओं में भी जिले के प्रदर्शन को उत्कृष्ट माना गया है।
डॉ. तेवतिया ने बताया कि पिछले माह मुजफ्फरनगर सातवें स्थान पर था, लेकिन इस बार सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास से जनपद शीर्ष स्थान पर पहुंचा है। इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने डॉ. तेवतिया को उनके कुशल नेतृत्व के लिए बधाई दी।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने भी सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी जोश, उत्साह और सजगता के साथ कार्य करते हुए विभाग को और ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।















