मुजफ्फरनगर : मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार का नगर पालिका परिषद पर औचक निरीक्षण,

मुजफ्फरनगर। मंडलायुक्त  डॉ. रूपेश कुमार ने नगर पालिका परिषद का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप तथा नगर पालिका ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। मंडल आयुक्त के अचानक पहुंचने से कार्यालय परिसर में हलचल तेज हो गई, वहीं अधिकारियों ने उन्हें विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली और प्रगति से अवगत कराया। निरीक्षण के दौरान मंडल आयुक्त ने कार्यालय की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव, जनसुनवाई व्यवस्था और विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की।

डॉ. रूपेश कुमार ने सबसे पहले कार्यालय परिसर का निरीक्षण करते हुए स्वच्छता व्यवस्था को परखा। उन्होंने रिकॉर्ड रूम में जाकर अभिलेखों के संधारण की स्थिति देखी और संबंधित कर्मचारियों से फाइलों के डिजिटलीकरण और अद्यतन स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अभिलेख सुव्यवस्थित और समय पर अपडेट किए जाएं ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही उन्होंने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, कर निर्धारण, गृहकर वसूली और अन्य नागरिक सेवाओं से जुड़े काउंटरों की कार्यप्रणाली भी देखी। नागरिकों की शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका की विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई। इसमें शहर की सफाई व्यवस्था, कूड़ा निस्तारण, सड़क मरम्मत, नाली निर्माण और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था से संबंधित कार्यों की जानकारी दी गई। मंडल आयुक्त ने कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा में पूरी होनी चाहिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि शहर में स्वच्छता अभियान को और प्रभावी बनाया जाए तथा नागरिकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाए।

नगर पालिका ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह द्वारा प्रस्तुत कार्यों और सुधारात्मक कदमों की सराहना करते हुए मंडल आयुक्त संतुष्ट नजर आए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही से ही जनता का विश्वास मजबूत होता है। निरीक्षण के अंत में उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे टीम भावना के साथ कार्य करें और शासन की मंशा के अनुरूप विकास योजनाओं को धरातल पर उतारें। मंडल आयुक्त की इस कार्रवाई को प्रशासनिक सक्रियता का संकेत माना जा रहा है, जिससे नगर पालिका की कार्यप्रणाली में और अधिक सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts