मुजफ्फरनगर 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया और उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को गणतंत्र के संकल्प की शपथ दिलाई। जिलाधिकारी ने स्कूली बच्चों को स्कूल बैग और गिफ्ट देकर सम्मानित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि संविधान लागू होने का यह ऐतिहासिक दिन हमें देश के शहीदों के बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करने की अपील की और कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करना हम सभी का दायित्व है।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेन्द्र कुमार ने राष्ट्रीय पर्व की जानकारी नई पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया। अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह ने संविधान की प्रस्तावना में वर्णित उद्देश्यों को देश निर्माण का आधार बताया। नगर मजिस्ट्रेट विकास कश्यप ने भारतीय संविधान के निर्माण की अवधि और इसके महत्व पर प्रकाश डाला।
गणतंत्र दिवस जनपद में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सभी शिक्षण संस्थानों में प्रभात फेरी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और दौड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सरकारी भवनों पर ध्वजारोहण और राष्ट्रीय गान हुआ। पुलिस लाइन में ध्वजारोहण और परेड का आयोजन किया गया। विभिन्न चौराहों पर महान विभूतियों की मूर्तियों पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। जिला कारागार, अस्पताल और कुष्ठ आश्रम में फल वितरण कर जरूरतमंदों की मदद की गई।















