मुजफ्फरनगर विकास भवन के सभागार में जिला एकीकरण समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल और मीरापुर की नव निर्वाचित विधायक मिथलेश पाल ने बिंदुवार समीक्षा की। विभिन्न विभागों के अधिकारियों से सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की गई। शिक्षा, चिकित्सा, कृषि, लोक निर्माण और पंचायत राज विभाग सहित सभी विभागों के अधिकारियों ने अपने विभाग का विवरण प्रस्तुत किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। योजनाओं की जानकारी आमजन तक जानी चाहिए ताकि वे अपनी पात्रता के अनुसार लाभ प्राप्त कर सकें। विधायक ने कहा कि सरकार गरीबों और किसानों के कल्याण के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है, इसलिए सभी अधिकारी ईमानदारी से कार्य करें।जिला विकास अधिकारी ने विकास योजनाओं की जानकारी दी। बैठक में सांप्रदायिक सौहार्द, महापुरुषों के आदर्शों के अनुरूप आचरण, राष्ट्रीय एकता और धार्मिक समन्वय पर विचार रखे गए। सामाजिक कार्यकर्ताओं और सदस्यों ने सामाजिक तालमेल, परंपराओं और मान्यताओं को बनाए रखने का आह्वान किया।
एकीकरण समिति का उद्देश्य सामूहिक रूप से त्योहारों और उत्सवों को सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाना, साहसी व्यक्तियों को सम्मानित करना, लोक कलाओं को बढ़ावा देना, सरदार वल्लभभाई पटेल के जन्मदिवस को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाना, महान विभूतियों के जन्मदिवस मनाना और अंतरजातीय व अंतरधार्मिक विवाहों को प्रोत्साहित करना है।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संदीप भगिया, जिला चिकित्सा अधिकारी सुनील तेवतिया, बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी मुकेश कुमार गौतम और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।















