मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (मु.वि.प्रा.) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए विकास क्षेत्र जोन-4 में शाहबुद्दीनपुर गांव की करीब 27 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई मंडलायुक्त सहारनपुर मंडल की प्रेरणा और मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष कविता मीना के आदेश पर की गई।सूत्रों के अनुसार, ग्राम शाहबुद्दीनपुर बाहर हदूद मुजफ्फरनगर स्थित खसरा संख्या 610, 611, 612, 613, 616, 626 और 628 पर भू-स्वामी पदम सेन, प्रमोद पुत्रगण रामशरण और विक्की पुत्र चन्द्रशेखर द्वारा अवैध रूप से प्लॉटिंग की जा रही थी। प्राधिकरण से तलपट मानचित्र स्वीकृत कराए बिना जमीन पर कॉलोनी का विकास कार्य शुरू कर दिया गया था। इस जमीन पर अवैध भू-स्वामियों ने बिना अनुमति के छोटे-छोटे प्लॉट काटकर अवैध कॉलोनी बसाने की कोशिश की।प्राधिकरण ने पहले ही इन भू-स्वामियों को नोटिस जारी कर चेतावनी दी थी। चालानी कार्रवाई के उपरांत ध्वस्तीकरण आदेश भी निर्गत किए गए थे, लेकिन संबंधित पक्षों ने अवैध निर्माण को नहीं हटाया। इसके बाद प्राधिकरण की टीम ने 9 सितम्बर 2025 को मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया।कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण के सहायक अभियंता, अवर अभियंता और अन्य कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। साथ ही कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित थाने की पुलिस फोर्स भी तैनात रही। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को स्पष्ट किया कि बिना मानचित्र स्वीकृति और प्राधिकरण की अनुमति के किसी भी प्रकार की प्लॉटिंग या कॉलोनी विकास अवैध माना जाएगा।ध्वस्तीकरण की यह कार्रवाई प्राधिकरण की ओर से अवैध कॉलोनियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। प्राधिकरण ने आमजन से भी अपील की है कि वह किसी भी कॉलोनी में प्लॉट खरीदने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि कॉलोनी अधिकृत है और उसका मानचित्र प्राधिकरण से स्वीकृत है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अवैध प्लॉट खरीदने वालों को भविष्य में भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है, क्योंकि प्राधिकरण लगातार अवैध कॉलोनियों को चिन्हित कर ध्वस्त करने का काम कर रहा है।प्राधिकरण की इस सख्त कार्रवाई से अवैध कॉलोनी विकसित करने वालों में हड़कंप मच गया है। लोगों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से शहर में अवैध कॉलोनियों पर रोक लगेगी और सिर्फ वैध, अधिकृत कॉलोनियां ही विकसित हो पाएंगी। वहीं, प्राधिकरण का कहना है कि भविष्य में भी जहां कहीं भी बिना अनुमति के प्लॉटिंग की जाएगी, वहां ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।इस प्रकार, मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की यह कार्रवाई अवैध भू-माफियाओं के खिलाफ कड़ा संदेश मानी जा रही है। प्रशासन ने साफ किया है कि नियम तोड़कर कॉलोनी बनाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।















