मुजफ्फरनगर में शातिर चोर और लुटेरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना छपार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन के पर्यवेक्षण में थाना छपार पुलिस ने लूट की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल तथा अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।
घटना की शुरुआत तब हुई जब गाजियाबाद निवासी विकास कुमार ने थाना छपार में तहरीर देकर बताया कि उन्होंने ए-चेट ऐप के माध्यम से अपनी मोटरसाइकिल बेचने का विज्ञापन डाला था। बाइक खरीदने के इच्छुक लोगों ने उन्हें अर्बन होटल हाईवे के पास बुलाया। आठ मई 2026 को जब वह अपनी मोटरसाइकिल लेकर बताए गए स्थान पर पहुंचे तो तीन युवक बुलेट मोटरसाइकिल पर आए और उन्हें किसी ऑफिस चलने की बात कहकर साथ ले गए। आरोप है कि आगे रई वाले रास्ते पर पहुंचते ही बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उनके साथ मारपीट की और उनकी मोटरसाइकिल तथा मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना छपार पुलिस ने बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। बुधवार देर रात पुलिस बढेड़ी रजवाहा मार्ग पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार पुलिस को आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी बाइक मोड़कर भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए, जिसके बाद आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई। जवाबी फायरिंग में जुहैब पुत्र जुबैर निवासी सफरपुर थाना गंगनहर, रुड़की के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके एक साथी को कांबिंग के दौरान दबोच लिया गया। पुलिस पूरे मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।















