मुज़फ्फरनगर। माननीय कैबिनेट मंत्री श्री अनिल कुमार ने आज पुरकाजी के खादर क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित गांवों में जाकर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। मंत्री ने स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से वार्ता कर उन्हें बाढ़ के पानी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने के लिए जागरूक किया जाए, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।
श्री अनिल कुमार ने खेतों में खड़ी फसलों के नुकसान का तत्काल आकलन करने के आदेश दिए और कहा कि इस आकलन की रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराई जाए, ताकि प्रभावित किसानों को मुआवजा और राहत सामग्री जल्द से जल्द पहुंचाई जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार और प्रशासन, बाढ़ से प्रभावित प्रत्येक व्यक्ति तक हर संभव मदद पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
मंत्री ने राहत और बचाव कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्थानीय प्रशासन को निर्देशित किया कि आवश्यक संसाधनों, नावों, भोजन और चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री वितरण और स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन में कोई लापरवाही न बरती जाए।
ग्रामीणों से संवाद करते हुए श्री अनिल कुमार ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार उनके साथ खड़ी है और बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता नागरिकों की सुरक्षा और जीवन की रक्षा है, और इसके लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री संजय कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी श्री सुनील कुमार तेवतिया सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मंत्री को राहत कार्यों की वर्तमान स्थिति और आगे की कार्ययोजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी। मंत्री ने सभी अधिकारियों को सतर्कता और तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि बाढ़ से प्रभावित लोगों को शीघ्र राहत और सहायता मिल सके।















