मुजफ्फरनगर, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के दिशा-निर्देशन में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) द्वारा विकास खंड जानसठ व मोरना के परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों की भौतिक स्थिति संतोषजनक पाई गई, हालांकि कुछ विद्यालयों में शैक्षिक स्तर सुधारने की आवश्यकता महसूस की गई।
कुतुबपुर नंबर 2 (जानसठ)
निरीक्षण के दौरान विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित मिला। कुल 185 पंजीकृत छात्रों में से 152 विद्यार्थी उपस्थित थे। शैक्षिक वातावरण संतोषजनक पाया गया, मध्यान्ह भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुसार तैयार किया गया, और सभी बच्चे यूनिफॉर्म में उपस्थित थे।
तालडा (जानसठ)
दोपहर 12:51 बजे निरीक्षण के दौरान कुछ शिक्षक अवकाश पर पाए गए। कुल 181 नामांकित छात्रों में से 124 उपस्थित थे। विद्यालय की भौतिक स्थिति संतोषजनक पाई गई, तथा शिक्षण कार्य जारी था।
जटवाड़ा (जानसठ)
दोपहर 1:09 बजे निरीक्षण के दौरान कई शिक्षक अवकाश पर पाए गए। 238 नामांकित छात्रों में से केवल 141 उपस्थित थे। विद्यालय की भौतिक स्थिति संतोषजनक थी, परंतु शिक्षण स्तर पर सुधार की आवश्यकता पाई गई। बच्चों को गृह कार्य नहीं दिया जा रहा था, और शिक्षक शिक्षण कार्य में उदासीन नजर आए।
खुजेडा (जानसठ)
दोपहर 1:46 बजे निरीक्षण के दौरान कुछ शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभाग कर रहे थे। 250 नामांकित बच्चों में से 139 उपस्थित थे। विद्यालय की स्थिति और शैक्षिक स्तर संतोषजनक पाया गया।
खाई खेड़ा (मोरना)
दोपहर 2:00 बजे निरीक्षण के दौरान 90 नामांकित बच्चों में से 74 उपस्थित थे। विद्यालय का शैक्षिक स्तर और भौतिक स्थिति संतोषजनक रही।
निरीक्षण के दौरान अधिकांश विद्यालयों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध पाई गईं, लेकिन कुछ विद्यालयों में शिक्षकों की अनुपस्थिति और शिक्षण में उदासीनता जैसी समस्याएं उजागर हुईं। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि शैक्षिक गुणवत्ता सुधारने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।















