मुज़फ्फरनगर के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने विकास खंड मोरना के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्कूलों की स्थिति संतोषजनक पाई गई, हालांकि कुछ स्थानों पर अनुपस्थित स्टाफ और डायरी अद्यतन न होने जैसी खामियां भी सामने आईं।कासमपुरा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में कुल 185 में से 152 छात्र-छात्राएं उपस्थित मिले। स्कूल की भौतिक स्थिति और शैक्षिक स्तर संतोषजनक रहा, मगर बच्चे आंशिक रूप से ही यूनिफॉर्म में थे। बेहडा थ्रू-1 के प्राथमिक विद्यालय में 116 में से 99 बच्चे उपस्थित मिले, शिक्षिका मातृत्व अवकाश पर थीं। यहां टैबलेट उपयोग हेतु शिक्षकों को निर्देशित किया गया। वहीं, बेहडा थ्रू के उच्च प्राथमिक विद्यालय में भी शिक्षिका प्रसूति अवकाश पर पाई गईं, अन्य स्टाफ उपस्थित था।महमूदपुर माजरा विद्यालय में 47 नामांकित बच्चों में से 39 उपस्थित थे, मगर शिक्षा मित्र पिछले वर्ष से अनुपस्थित है। धीराहेड़ी में सभी शिक्षक उपस्थित मिले पर उपस्थिति 30 रही। निरगाजनी विद्यालय में निरीक्षण के दौरान 63 छात्र-छात्राएं मिले, पर शिक्षक डायरी अद्यतन नहीं थी, जिससे बीएसए ने नाराज़गी जताई और कार्रवाई की बात कही।बेलडा-1 में 97 में से 91 छात्र उपस्थित थे और शिक्षण कार्य नियमित चल रहा था। बेलडा के उच्च प्राथमिक विद्यालय में मात्र 14 छात्र ही उपस्थित मिले, हालांकि स्टाफ पूर्ण रूप से उपस्थित था। गडवाडा विद्यालय में 68 में से 59 बच्चे उपस्थित रहे, शैक्षिक और भौतिक स्थिति संतोषजनक रही।सिकंदरपुर-2 और सिकंदरपुर-1 में क्रमशः 38 और 47 छात्र उपस्थित मिले। दोनों स्कूलों में शिक्षिकाएं अवकाश पर थीं, पर शेष स्टाफ ने शिक्षण कार्य सुचारु रखा। सभी स्कूलों में मध्यान्ह भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुसार तैयार किया जा रहा था और शौचालय, जल स्रोत क्रियाशील अवस्था में पाए गए।कुल मिलाकर निरीक्षण में शैक्षिक और भौतिक व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, लेकिन कुछ स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति कम और डायरी अपडेट में लापरवाही देखने को मिली, जिस पर कार्रवाई के संकेत दिए गए हैं।















