मुजफ्फरनगर, भारत रत्न और भूतपूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह जी के जन्मदिवस किसान सम्मान दिवस के अवसर पर कृषि तकनीकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा) योजना के अंतर्गत कृषक मेला और कृषक गोष्ठी का आयोजन नुमाईश पंडाल में हुआ। इस कार्यक्रम में कृषि और संबंधित विभागों ने अपनी योजनाओं से जुड़ी प्रदर्शनियां लगाईं और किसानों को जागरूक करने का प्रयास किया।

मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, पूर्व विधायक उमेश मलिक, और जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने मेले का निरीक्षण किया और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उप कृषि निदेशक संतोष कुमार ने अतिथियों का सम्मान स्मृति चिह्न और शाल प्रदान कर किया।कार्यक्रम में किसानों को अधिक उत्पादन प्राप्त करने वाली तकनीकों और योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। किसानों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार और सम्मान प्रदान किया गया। आत्मा योजना के तहत जनपद स्तर पर प्रथम पुरस्कार विजेता को ₹7,000 और द्वितीय पुरस्कार विजेता को ₹5,000, जबकि विकासखंड स्तर पर विजेताओं को ₹2,000 की धनराशि प्रदान की गई।
मुख्य अतिथि ने किसानों से आग्रह किया कि वे अपनी तकनीकों का प्रचार-प्रसार करें ताकि अन्य किसान भी लाभान्वित हो सकें। जिलाधिकारी ने जैविक और प्राकृतिक खेती अपनाने पर जोर दिया और किसानों के जैविक उत्पादों के लिए मार्केट लिंक उपलब्ध कराने का सुझाव दिया।कृषि और संबंधित विभागों के अलावा, किसान उत्पादक संगठनों ने भी जैविक उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई। हजारों किसानों की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में कई किसानों को ट्रैक्टर और उपकरणों की चाबी सौंपकर सम्मानित किया गया।अंत में, उप कृषि निदेशक ने सभी प्रतिभागियों और आयोजन में सहयोग देने वाले विभागों का आभार व्यक्त किया।















