मुजफ्फरनगर पालिका बोर्ड ने 159 प्रस्तावों के साथ 486.76 करोड़ की विकास महायोजना को दी मंजूरी,

मुजफ्फरनगर नगरपालिका परिषद की बोर्ड बैठक में अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के नेतृत्व में 159 प्रस्तावों वाला ऐतिहासिक एजेंडा सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। टाउनहाल सभाकक्ष में आयोजित यह बैठक महज 20 मिनट चली, लेकिन इसमें शहर के व्यापक विकास से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 290.34 करोड़ रुपये की अनुमानित आय का मूल बजट स्वीकृत किया गया, जबकि 486.76 करोड़ रुपये के व्यय की महत्वाकांक्षी योजना को मंजूरी दी गई। बैठक में सदन की पदेन सदस्य एमएलसी वंदना वर्मा का स्वागत किया गया और उन्होंने पालिका के कार्यों की सराहना की। अधिशासी अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह ने बजट सहित सभी प्रस्ताव सदन में प्रस्तुत किए।

बैठक में पेयजल आपूर्ति सुधार, पथ प्रकाश व्यवस्था विस्तार, 300 से अधिक नई सड़कों का निर्माण, जल निकासी व्यवस्था सुदृढ़ीकरण और शहर के सौंदर्यकरण से जुड़े प्रस्तावों को स्वीकृति मिली। कर्मचारियों के आर्थिक हितों से जुड़े निर्णय भी लिए गए। टाउनहाल परिसर में भगवान परशुराम का भव्य स्मारक बनाकर मूर्ति स्थापना का प्रस्ताव पारित हुआ, जिस पर 50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।लेखा विभाग के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1.82 करोड़ से अधिक आय और 1.52 करोड़ से अधिक व्यय दर्ज हुआ, जबकि फरवरी तक 266.78 करोड़ रुपये अवशेष रहे। अनुमान है कि 2026-27 में व्यय के बाद भी 70 करोड़ रुपये से अधिक राशि शेष रहेगी। शहरी सौंदर्यकरण के 30 विशेष कार्यों पर लगभग 24 करोड़ रुपये खर्च होंगे। जानसठ ओवरब्रिज के नीचे बास्केटबॉल कोर्ट और गांधी कॉलोनी ओवरब्रिज के नीचे ओपन जिम बनेगा। तीनों ओवरब्रिजों पर सीएनसी कटिंग व लाइटिंग कार्य होंगे। मेरठ रोड, रुड़की रोड और कच्ची सड़क क्षेत्र में भव्य प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे। कंपनी बाग में टॉय ट्रेन के सौंदर्यकरण और 52 बिस्तरों वाले आवासीय कंटेनर की खरीद को भी मंजूरी मिली।बैठक में वार्ड 20 के सभासद हनी पाल के निधन पर शोक व्यक्त कर मौन रखा गया। 55 में से 45 सभासद उपस्थित रहे। अध्यक्ष ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह महायोजना शहर को आधुनिक और आकर्षक स्वरूप देगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts