उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर बुधवार की सुबह टैंकर से टक्कर के बाद स्लीपर बस सवार 18 लोगों की मौत पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और सीएम योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि उत्तर प्रदेश में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुई सड़क दुर्घटना में अनेक लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखदाई है। ऐसी आकस्मिक मृत्यु का शिकार हुए लोगों के परिवार के सदस्यों के प्रति मैं गहन शोक संवेदनाएं व्यक्त करती हूं तथा घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।सीएम योगी ने अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। उधर, प्रशासन दुर्घटना में मारे गए लोगों की शिनाख्त की कोशिशों में जुटा है। अब तक दो मृतकों की पहचान की जा सकी है। इसके साथ ही प्रशासन ने 19 घायलों की एक सूची भी जारी की है।
बता दें कि बिहार के मोतिहारी जिले से मंगलवार की शाम पांच बजे एक स्लीपर बस दिल्ली के भजनपुरा के लिए रवाना हुई थी। बुधवार की सुबह 5 बजे के करीब यह बस उन्नाव जिले में बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र में आगरा -लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर गढ़ा गांव के पास पहुंची थी। पुलिस का कहना है कि बस का ड्राइवर काफी लापरवाही से ड्राइविंग कर रहा था। उसने दूध के टैंकर को बाईं ओर से ओवरटेक करने की कोशिश की। इस कोशिश में बस टैंकर से जा टकराई। टक्कर में बस का करीब आधा हिस्सा बीच बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस और टैंकर दोनों एक्सप्रेस वे पर पलट गए। चारों तरफ चीख पुकार मच गई। आसपास के लोगों और मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को किसी तरह बस से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
उन्नाव, उत्तर प्रदेश में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुई सड़क दुर्घटना में अनेक लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखदाई है। ऐसी आकस्मिक मृत्यु का शिकार हुए लोगों के परिवार के सदस्यों के प्रति मैं गहन शोक संवेदनाएँ व्यक्त करती हूँ तथा घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना…
— President of India (@rashtrapatibhvn) July 10, 2024
सीएम ने अधिकारियों को दिया ये आदेश
इस बड़े सड़क हादसे पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने गहरा दु:ख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर मौजूद रहकर राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने और घायलों के इलाज की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने अपने एक्स अकाउंट में एक पोस्ट में लिखा- ‘ ‘जनपद उन्नाव में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
जनपद उन्नाव में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है।
मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।
जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री…
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 10, 2024
प्रशासन ने जारी की हेल्पलाइन
हादसे से प्रभावित लोगों के बारे में जानकारी के लिए प्रशासन ने हेल्पलाइन और टोल फ्री नंबर जारी किए हैं।ये इस प्रकार हैं-
1. 0515-2970766
2. 0515-2970767
3. टोल फ्री नंबर 1077
4. 9651432703
5. 9454417447
6. 8081211297















