मुजफ्फरनगर। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष तथा उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे जनसंपर्क एवं जनजागरण अभियान के तहत मंगलवार को नगरपालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। भाजपा के संगठनात्मक कार्यक्रमों के अंतर्गत केशव मंडल क्षेत्र में आयोजित इस अभियान में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न मोहल्लों और घरों में पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद किया तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी।
अभियान के दौरान मीनाक्षी स्वरूप ने नागरिकों को बताया कि पिछले वर्षों में केंद्र और प्रदेश सरकार ने विकास, कानून व्यवस्था, आधारभूत संरचना, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, रोजगार सृजन और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंच रहा है और विकास की प्रक्रिया लगातार आगे बढ़ रही है। उन्होंने लोगों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं और उनके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि भाजपा की नीतियों का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है।
मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए अनेक योजनाएं लागू की गई हैं, जिनसे करोड़ों लोगों का जीवन स्तर बेहतर हुआ है। उन्होंने कहा कि जनजागरण अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को सीधे जनता तक पहुंचाना तथा लोगों को उनके अधिकारों और लाभकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है।
जनसंपर्क के दौरान स्थानीय नागरिकों ने अपनी समस्याएं और सुझाव भी उनके समक्ष रखे। उन्होंने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। अभियान में शामिल भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी लोगों को विभिन्न विकास परियोजनाओं, जनहितकारी योजनाओं और सरकार के महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी दी।
मीनाक्षी स्वरूप ने क्षेत्रवासियों के सहयोग, स्नेह और विश्वास के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का समर्थन ही जनप्रतिनिधियों की सबसे बड़ी शक्ति है और यही उन्हें निरंतर जनसेवा के लिए प्रेरित करता है। अभियान के दौरान मंडल अध्यक्ष नंदकिशोर, सभासद अमन तोमर, सभासद कुसुमलता पाल, सुनील दर्शन, सुधीर खटीक, वैभव त्यागी सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कई स्थानों पर लोगों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर शहरी विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना भी की।















