मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने शहर के विभिन्न वार्डों में करोड़ों रुपये की लागत से पूर्ण हुए विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने प्रेम विहार में ओपन जिम का उद्घाटन करते हुए कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाना है। उन्होंने बताया कि पारदर्शिता और समयबद्धता उनकी पहली प्राथमिकता है और नगर के सभी वार्डों में संतुलित विकास सुनिश्चित किया जा रहा है।
पालिका अध्यक्ष ने राज्य वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि से वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृत निर्माण कार्य जनता को समर्पित किए। जिन कार्यों का उद्घाटन किया गया उनमें छह वार्डों में आठ सड़कों सहित ओपन जिम और अन्य विकास परियोजनाएं शामिल हैं। इनमें प्रेम विहार, सहावली, अलमासपुर, कच्ची सड़क, उत्तरी रामपुरी और मोहल्ला गऊशाला नदी रोड प्रमुख हैं। वार्ड 14 में सभासद राखी राहुल पंवार के क्षेत्र में लगभग साढ़े पांच लाख रुपये की लागत से ओपन जिम, दो सोलर एलईडी स्ट्रीट लाइट और फुटपाथ निर्माण का लोकार्पण किया गया। वहीं वार्ड 40 में सभासद कुसुमलता पाल और भाजपा उपाध्यक्ष बिजेंद्र पाल की मौजूदगी में गाजावाली पुलिया के पास करीब 8 लाख रुपये से आरसीसी नाली और सीसी सड़क का निर्माण पूरा हुआ।
इसी तरह वार्ड 38 में सभासद मरजुबाना व फकरूदीन त्यागी के साथ पंचायती स्कूल सरवट में लगभग 10 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क, वार्ड 28 में सभासद मोहित मलिक के साथ मोहल्ला गऊशाला नदी रोड पर लगभग 17 लाख रुपये की लागत से दो सीसी सड़क और आरसीसी नाली, वार्ड 2 सहावली के मोहल्ला फूलनगर में सभासद बबली व सुंदर सिंह के साथ लगभग पांच लाख रुपये की लागत से सड़क, वार्ड 1 अलमासपुर में सभासद राजेश देवी व ललित कुमार के साथ लगभग 58 लाख रुपये की लागत से दो सीसी सड़क व आरसीसी नाली और वार्ड 15 उत्तरी रामपुरी में सभासद सुनीता व प्रमोद अंबेडकर के साथ करीब 6 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क का लोकार्पण किया गया।
इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष ने जनता से संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज की नींव होते हैं, इसलिए नगर पालिका द्वारा स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए ओपन जिम स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने अपील की कि नगरवासी भी स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग दें, क्योंकि केवल पालिका के प्रयासों से नहीं बल्कि जनता की भागीदारी से ही शहर को स्वच्छ और आकर्षक बनाया जा सकता है।
















