मुजफ्फरनगर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे एसआईआर अभियान के तहत नगरपालिका परिषद् मुजफ्फरनगर की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप लगातार मतदाता जागरूकता को लेकर सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। शहर के विभिन्न वार्डों, सार्वजनिक स्थलों और पोलिंग बूथों पर आयोजित शिविरों के माध्यम से वह नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने और आवश्यक प्रपत्र भरने की प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दे रही हैं। इसी क्रम में कृष्णापुरी वार्ड-25 में भाजपा सभासद राजीव शर्मा के नेतृत्व में अधिवक्ता हरगोपाल कश्यप के आवास पर एसआईआर गणना प्रपत्र जागरूकता कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर गणना प्रपत्र भरकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित की।
कैंप में उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि मतदाता सूची का अद्यतन प्रत्येक जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य है, क्योंकि सटीक और त्रुटिरहित मतदाता सूची ही लोकतंत्र की मजबूती और विश्वसनीयता सुनिश्चित करती है। उन्होंने बताया कि एक-एक सही वोट देश की दिशा और नीतियों को तय करने की क्षमता रखता है, इसलिए हर मतदाता को परिवार और समाज में अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने की पहल करनी चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है या उसमें कोई त्रुटि है, तो तत्काल एसआईआर प्रपत्र भरकर सुधार करवाएं।
उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल कागजी प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक ढांचे को मजबूत करने की एक महत्वपूर्ण कवायद है। इसी उद्देश्य से नगरपालिका लगातार घर-घर अभियान, वार्ड स्तरीय शिविर, बूथ स्तर पर जांच और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है। मीनाक्षी स्वरूप ने इस अवसर पर उपस्थित बीएलओ, भाजपा के बीएलए और सहयोगी कार्यकर्ताओं की सक्रियता और सेवाभाव की सराहना करते हुए कहा कि जनता की सहायता के लिए तत्पर रहना ही इस अभियान की सफलता की कुंजी है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे हर नागरिक को जागरूक कर मतदाता सूची में सही और पूर्ण विवरण दर्ज कराने में सहयोग करें।
कैंप में पहुंचे लोगों ने बताया कि ऐसे शिविरों से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन कराने की प्रक्रिया सरल और सुलभ हो जाती है। इस आयोजन में भाजपा हनुमत मंडल अध्यक्ष दीपक मित्तल, बूथ अध्यक्ष दीपचंद अग्रवाल, मास्टर भूपेन्द्र कुमार, रामभूल सिंह, सोनू कुमार, सभासद मनोज वर्मा, मास्टर जय करण सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। शिविर के दौरान विभिन्न प्रपत्र भरवाए गए और नागरिकों की शंकाओं का समाधान भी किया गया। नगरपालिका प्रशासन और स्थानीय प्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयास से आयोजित यह कैंप सफल रहा और लोगों में एसआईआर अभियान के प्रति उत्साह देखा गया।
















