बकरीद पर नगर पालिका की तैयारी तेज, सफाई और पेयजल व्यवस्था पर रहेगा विशेष ध्यान,

मुजफ्फरनगर। आगामी 28 मई को ईद उल अजहा पर्व को शांतिपूर्ण और स्वच्छ वातावरण में संपन्न कराने के लिए नगर पालिका परिषद ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में टाउनहाल स्थित नगर पालिका कार्यालय में पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें अधिशासी अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह, पालिका अधिकारियों और सभासदों ने हिस्सा लिया। बैठक में पर्व के दौरान शहर में साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में खास तौर पर मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में कुर्बानी के बाद निकलने वाले पशु अवशेषों के निस्तारण को लेकर रणनीति बनाई गई। पालिकाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अलग-अलग इलाकों में सफाई कर्मचारियों की विशेष टीमें तैनात की जाएं, ताकि अवशेषों का समय पर उठान हो सके और शहर की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित न होने पाए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी क्षेत्र में गंदगी की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।

पालिकाध्यक्ष ने सभासदों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करें। आमजन से खुले में कुर्बानी न करने और पशुओं के अवशेष सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकने की अपील की गई। साथ ही जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में अधिशासी अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह को व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा शहर के विभिन्न इलाकों में पर्याप्त संख्या में वाहन लगाने के आदेश दिए गए, ताकि सफाई व्यवस्था लगातार जारी रह सके। नगरवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान पेयजल आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।

नगर पालिका परिषद ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में पेयजल संबंधी समस्या उत्पन्न होती है तो एई जलकल अनुज कुमार के मोबाइल नंबर 8860053096 पर संपर्क किया जा सकता है। वहीं सफाई व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों के लिए स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय शाही के मोबाइल नंबर 6306263566 पर सूचना दी जा सकती है।

बैठक में शोकत अंसारी, अन्नू कुरैशी, मोहम्मद खालिद, मोहम्मद शहजाद उर्फ चीकू, उमरदराज, नदीम, हसीब राणा, योगेश कुमार गोलियान, पलाक्षा मैनवाल, वैशाली सोती, जितेंद्र कुमार सहित पालिका के अधिकारी, कर्मचारी और सफाई विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts