मुजफ्फरनगर। नगरपालिका परिषद की चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने सोमवार को शहर में सफाई व्यवस्था और निर्माण कार्यों का जायजा लेने के लिए औचक निरीक्षण किया। उन्होंने गांधी कॉलोनी लिंक रोड पर पालिका द्वारा करीब 55 लाख रुपये की लागत से तैयार कराई गई सीसी सड़क और नाला निर्माण कार्य की गुणवत्ता को परखा। निरीक्षण के दौरान वहां बने कूड़ा डलावघर का भी निरीक्षण किया और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर सफाई व्यवस्था की जानकारी ली।
इस निरीक्षण के दौरान जल निगम की गंभीर लापरवाही सामने आई, जिससे चेयरपर्सन ने कड़ी नाराजगी जताई और जल निगम के जेई को मौके पर बुलाकर जल निकासी अवरुद्ध होने की समस्या को तुरंत हल करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य जल्द पूरा नहीं हुआ, तो विभागीय शिकायत दर्ज कराई जाएगी। जल निगम के जेई एनके पाल ने आश्वासन दिया कि एक माह के भीतर नाला निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।
चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने वार्ड 41 के अंतर्गत गांधी कॉलोनी लिंक रोड पर नाला व सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और वहां कूड़ा डलावघर को बंद कराकर कॉम्पैक्टर लगाने के कार्य का जायजा लिया। स्थानीय नागरिकों ने पालिका द्वारा कराए गए कार्यों की सराहना की, लेकिन यह भी बताया कि आगे का बड़ा नाला अब तक नहीं बन पाया है, जिससे जलभराव की समस्या बनी हुई है।
निरीक्षण के दौरान चेयरपर्सन ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अतुल कुमार से जवाब मांगा और जल्द से जल्द दोनों कॉम्पैक्टर शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने ठेकेदार को भी तलब कर यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि वार्डों से आने वाला कूड़ा सीधे कॉम्पैक्टर में जाए और सड़क पर न फैले।
मीनाक्षी स्वरूप ने बताया कि गांधी कॉलोनी लिंक रोड शहर की तीन-चार मुख्य कॉलोनियों को सीधे भोपा रोड और पचेंडा रोड से जोड़ता है। पालिका द्वारा 30 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क और 25 लाख रुपये की लागत से छोटा नाला बनवाया गया है। लेकिन जल निगम द्वारा 200 मीटर लंबा बड़ा नाला अभी तक अधूरा छोड़ा गया है, जिससे जलभराव की समस्या बनी हुई है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य रूप से सभासद हिमांशु पाल, सभासद अमित पटपटिया, एई जलकल सुनील कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अतुल कुमार, जेई निर्माण कपिल कुमार, चीफ सेनेट्री इंस्पेक्टर योगेश गोलियान सहित अन्य स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।















