सिरोही। जालौर-सिरोही से सांसद लुंबाराम चौधरी ने शुक्रवार को सिरोही जिले के वाड़ाखेड़ा जोड़ क्षेत्र को लेकर पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात की और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। साथ ही उन्होंने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्य के वन मंत्री संजय शर्मा को भी पत्र लिखा। अपने पत्र में चौधरी ने बताया कि वाड़ाखेड़ा जोड़ क्षेत्र वर्षों से वन भूमि पर स्थित एक घास बीड़ क्षेत्र रहा है, जहां आसपास के 25–30 गांवों के हजारों पशुपालक अपने पशुओं को चराने के लिए लाते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने वर्ष 2022 में इस लगभग 4 हजार हेक्टेयर क्षेत्र को बिना स्थानीय गोपालकों और ग्रामीणों से परामर्श किए कंजर्वेशन रिजर्व घोषित कर दिया, जिससे वहां पशु चराई पर रोक लग गई।
इस निर्णय से करीब 28 हजार बीघा क्षेत्र में फैले जंगल में चराई कर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले गरीब गोपालकों व पशुपालकों की आजीविका पर संकट आ गया है। सांसद ने मांग की कि सरकार इस क्षेत्र को डिनोटिफाई कर पुनः चरागाह घोषित करे, ताकि स्थानीय ग्रामीणों की आजीविका बचाई जा सके और उन्हें अपने पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था मिल सके।















