मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना कस्बे को नगर पालिका परिषद का दर्जा दिलाने की मांग एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गई है। मुजफ्फरनगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद हरेंद्र सिंह मलिक ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर बुढ़ाना का सीमा विस्तार करने तथा उससे जुड़े सफीपुर पट्टी क्षेत्र को शामिल करते हुए नगर पालिका परिषद का दर्जा प्रदान किए जाने की मांग की है। सांसद की इस पहल को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे लंबे समय से उठ रही मांग को नई मजबूती मिली है।
मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में सांसद ने उल्लेख किया है कि बुढ़ाना क्षेत्र लगातार विकास कर रहा है और यहां की जनसंख्या में भी लगातार वृद्धि हो रही है। वर्तमान में बुढ़ाना नगर पंचायत के रूप में कार्य कर रहा है, लेकिन बढ़ती आबादी, तेजी से हो रहे शहरीकरण और नागरिक सुविधाओं की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए अब यह क्षेत्र नगर पालिका परिषद के मानकों के अनुरूप हो चुका है। ऐसे में क्षेत्र के समुचित विकास और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था के लिए नगर पालिका परिषद का दर्जा आवश्यक है।
सांसद हरेंद्र सिंह मलिक ने अपने पत्र में यह भी कहा कि सफीपुर पट्टी का सामाजिक, आर्थिक और व्यावसायिक जीवन पूरी तरह बुढ़ाना से जुड़ा हुआ है। यहां के निवासी शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार, बाजार और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए मुख्य रूप से बुढ़ाना पर निर्भर हैं। इसलिए सफीपुर पट्टी को बुढ़ाना की सीमा में शामिल करना जनहित में एक महत्वपूर्ण निर्णय साबित होगा। उनका मानना है कि सीमा विस्तार और नगर पालिका का दर्जा मिलने से सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य नागरिक सुविधाओं का तेजी से विकास होगा। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न शहरी विकास योजनाओं का लाभ भी क्षेत्रवासियों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंच सकेगा।
सांसद की इस पहल का कस्बा वासियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने स्वागत किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बुढ़ाना को नगर पालिका परिषद का दर्जा मिलने से विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान में मदद मिलेगी। लोगों ने उम्मीद जताई है कि सरकार इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेकर बुढ़ाना और आसपास के क्षेत्रों के विकास का नया मार्ग प्रशस्त करेगी। सांसद द्वारा जनभावनाओं से जुड़े इस मुद्दे को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाए जाने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है और नगर पालिका की मांग को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।















