अमरोहा. उत्तर प्रदेश के जनपद अमरोहा में नौनिहालों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ का एक वीडियो सामने आया है. चंद पैसों के लिए एक ई-रिक्शा पर रस्सी से बांधकर एक दर्जन से ज्यादा स्कूली बच्चों को ढोया जा रहा था.एक ई-रिक्शा जिसमें सिर्फ चार लोग बैठ सकते हैं उसमें सीट पर रस्सी से बांधकर बच्चों को स्कूल लेकर जाय जा रहा था. ई-रिक्शा चालक का वीडियो वायरल होने के बाद परिवहन विभाग ने कार्रवाई की है.
बता दें कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार अधिकारियों को निर्देश दें रहे हैं कि यातायात के नियमों का पालन कराया जाए. उसके लिए हर माह सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत लोगों को जागरुक भी किया जा रहा है. लेकिन अमरोहा में यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही थी. अमरोहा की अतरासी रोड पर 5 वर्षीय चार छात्र-छात्राओं को ई रिक्शा चालक पीछे सीट पर बैठाकर रस्सी से बांधकर स्कूल लेकर जा रहा था. इसी दौरान एक युवक ने ई-रिक्शा रोक लिया और बच्चों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
वीडियो वायरल होने के बाद परिवहन विभाग ने इसका संज्ञान लिया और ई-रिक्शा चालक का पता लगाकर उसका 8200 रुपए का चालान किया. एआरटीओ महेश कुमार शर्मा ने बताया कि यातायात के नियमों का जो भी उल्लंघन करेगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. लेकिन आश्चर्य करने वाली बात यह है कि पेरेंट्स भी इसका विरोध नहीं कर सके.















