बांदा जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए जा रहे संगठन सृजन महाभियान के तहत रविवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में मासिक बैठक का आयोजन हुआ। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने की तथा इसमें प्रदेश कांग्रेस से आए जिला कोआर्डिनेटर संतराम नीलांचल और बृजराज अहिरवार विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत अब तक हुई गतिविधियों की समीक्षा की गई और नवनियुक्त जिला, ब्लाक व मंडल पदाधिकारियों को पहचान पत्र वितरित किए गए।
कोआर्डिनेटर संतराम नीलांचल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आप सबकी जिम्मेदारी अब और अधिक बढ़ गई है। अब हमें एकजुट होकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना होगा। वहीं कोआर्डिनेटर बृजराज अहिरवार ने कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को आप पर पूरा विश्वास है, और अब समय है उस विश्वास को सशक्त बनाने का। जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने कहा कि चुनौतियां कई हैं, लेकिन हम सबके संकल्प और सहयोग से कामयाब होंगे। उन्होंने कहा कि वे उन पुराने साथियों से मिलेंगे जिन्होंने वर्षों तक पार्टी के लिए योगदान दिया है, और उनके अनुभव से अभियान को गति देंगे।
बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने अपने अनुभव साझा किए और संगठन को मजबूत करने के लिए सुझाव दिए। इस अवसर पर पूर्व विधायक शिरोमणि भाई, पूर्व जिलाध्यक्ष साकेत बिहारी मिश्रा, एआईसीसी सदस्य प्रद्युम्न लालू दुबे, रमेश चन्द्र कोरी, मुमताज अली, गजेन्द्र सिंह पटेल, संकटा प्रसाद त्रिपाठी, आदित्य स्वरूप पांडेय, वीरेन्द्र तिवारी, सीमा खान, आदित्य कुमार सिंह, सुमन शुक्ला समेत अनेक नेताओं ने विचार व्यक्त किए।
बैठक में जिले के तमाम सक्रिय कार्यकर्ता, ब्लाक अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, कोषाध्यक्ष, सचिव, प्रवक्ता, सोशल मीडिया प्रभारी और अन्य कांग्रेसजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष डॉ. संजय द्विवेदी दनादन ने किया।















