अलवर। राजस्थान सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने अलवर के सर्किट हाउस में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य अलवर शहर में गर्मी के मौसम के दौरान हो रही बिजली समस्याओं की समीक्षा करना था। मंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि शहर में 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि वर्तमान में तापमान तेजी से बढ़ रहा है, ऐसे में बिजली की कटौती या लो वोल्टेज जैसी समस्याएं जनता के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन सकती हैं।
बैठक के दौरान शहर में बार-बार हो रही बिजली कटौती, ट्रांसफार्मर की खराबी, लो वोल्टेज की शिकायतों और उपभोक्ताओं की समस्याओं पर विशेष रूप से चर्चा की गई। मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि किसी भी क्षेत्र में यदि लापरवाही या विलंब सामने आता है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि जनता को सभी बुनियादी सुविधाएं समय पर और गुणवत्ता के साथ मिलें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ट्रांसफार्मर और फीडर की समय पर मरम्मत की जाए, उपभोक्ताओं की शिकायतों का तत्काल समाधान किया जाए और कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखा जाए। मंत्री ने आश्वस्त किया कि सरकार जनता की समस्याओं को लेकर पूरी तरह गंभीर है और समाधान के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।















