भीषण गर्मी में बिगड़ी बिजली व्यवस्था पर मंत्री कपिल देव सख्त,

मुजफ्फरनगर में लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच शहर की चरमराई विद्युत व्यवस्था को लेकर नगर विधायक एवं व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने कड़ा रुख अपनाया है। शहर के विभिन्न इलाकों से लगातार मिल रही बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और अनियमित विद्युत आपूर्ति की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने बिजली विभाग के अधिकारियों को तत्काल तलब किया है। पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है और बार-बार बिजली जाने से आम नागरिकों के साथ व्यापारियों एवं उद्योगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए स्थिति में तुरंत सुधार के निर्देश दिए हैं।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक से भी दूरभाष पर वार्ता कर शहर की बिगड़ती व्यवस्था पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गर्मी के इस मौसम में विद्युत आपूर्ति में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए प्रभावी कदम उठाने होंगे। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में लगातार फॉल्ट और लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही की जाए। साथ ही ट्रिपिंग और अघोषित कटौती पर तत्काल नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।

इसी क्रम में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कल दोपहर 3 बजे विकास भवन, मेरठ में विद्युत विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक बुलाई है। बैठक में डायरेक्ट कमर्शियल एन.के. मिश्रा, मुख्य अभियंता विनोद गुप्ता, अधीक्षण अभियंता समेत जनपद के सभी अधिशासी अभियंता मौजूद रहेंगे। बैठक में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा फॉल्ट रिस्पॉन्स टाइम में सुधार, जर्जर बिजली लाइनों के प्रतिस्थापन, ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता वृद्धि, ओवरलोडिंग की समस्या और उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निस्तारण जैसे मुद्दों पर विशेष चर्चा होगी। मंत्री ने कहा कि आम जनता को निर्बाध और सुचारु बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts