मंत्री कपिल देव ने बिजनौर में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण, प्रभावित परिवारों को दिलाया हर संभव मदद का भरोसा

बिजनौर। प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव ने अपने प्रभारी जनपद बिजनौर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और तत्काल राहत से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी ली। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार और भारतीय जनता पार्टी संगठन का संकल्प है कि किसी भी प्रभावित परिवार को कठिनाई न झेलनी पड़े और हर जरूरतमंद तक समयबद्ध सहायता पहुँचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मंत्री कपिल देव ने विशेष रूप से बांधों का निरीक्षण किया और पानी की वास्तविक स्थिति का गहन अवलोकन किया। निरीक्षण के उपरांत उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शीघ्र ही मिट्टी भराई कराई जाए और जेसीबी व पोकलेन मशीनों की सहायता से पानी के बहाव को सुरक्षित दिशा में मोड़ा जाए, ताकि गांवों को जल्द से जल्द राहत मिल सके और लोगों का जीवन सामान्य हो सके। उन्होंने कहा कि राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के बाद मंत्री कपिल देव ने बिजनौर के शीशमहल निरीक्षण भवन में जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ एक विस्तृत बैठक की। बैठक में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की समीक्षा की गई और स्वास्थ्य, स्वच्छता व सुरक्षा व्यवस्था को और मज़बूत बनाने पर बल दिया गया।

बैठक में यह सुनिश्चित किया गया कि प्रभावित गांवों तक पहुँचने में आने वाली बाधाओं को जल्द दूर किया जाए और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर राहत एवं बचाव कार्यों को गति दी जाए। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समयबद्ध तरीके से भोजन, पेयजल और चिकित्सकीय सुविधाएं पहुँचे। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देकर महामारी फैलने से रोका जाए।

मंत्री ने कहा कि राहत कार्यों में तैनात सभी टीमों का बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए और हर संभव सुविधा लोगों तक पहुँचाई जाए। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हर परिस्थिति में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और प्रभावितों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करने दिया जाएगा।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष भूपेंद्र चौहान बॉबी, विधायक सूची मौसम चौधरी, भाजपा नेता हरजिंदर कौर, अंकुर गौतम, सीपी सिंह सहित जिलाधिकारी जसमीत कौर, पुलिस अधीक्षक और सिंचाई विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts