मंत्री कपिल देव अग्रवाल कानपुर नगर में करेंगे पौधारोपण।

भास्कर न्यूज़ उत्तर प्रदेश उत्तराखंड

मुजफ्फरनगर। पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन हेतु आगामी 20 जुलाई को पेड़ लगाओ-पेड़ बचाओ जन अभियान-2024 एक पेड़ माँ के नाम के उपलक्ष्य में प्रदेश के सभी जनपदों में वृहद वृक्षोरपण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक जनपद में मंत्रीगणों व नोडल अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी क्रम में मुजफ्फरनगर सदर विधायक एवं प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार मंत्री कपिल देव अग्रवाल को जनपद कानपुर नगर में पौधारोपण की जिम्मेदारी मिली है। इसकी जानकारी देते हुए मंत्री कपिल देव ने बताया कि इस कार्यक्रम में स्थानीय सांसदगण, विधायकगण, महापौर, पालिका अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष सहित अन्य सभी जनप्रतिनिधियों को सम्मिलित किये जाने के निर्देश मिले हैं। मंत्री कपिल देव कहा कि पृथ्वी को हरी-भरी बनाये रखने तथा पर्यावरण को प्रदूषणमुक्त व स्वच्छ बनाने के लिए हम सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है कि कम से कम एक पेड़ अपनी धरती माँ के नाम पर अवश्य लगायें और उसके बाद सबसे बड़ी जिम्मेदारी उसकी देखभाल करने की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के वनावरण को 15 प्रतिशत तक बढ़ाये जाने का संकल्प लिया है। मंत्री कपिल देव ने बताया कि सभी मंत्रीगणों को एक–एक जनपद का प्रभार दिया गया है और 36 करोड़ से अधिक पौधारोपण का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों से आह्वान किया है कि कम से कम एक पेड़ अवश्य लगायें और सरकार के संकल्प को पूरा करने में सहभागी बनें।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts