शेरनगर सिद्धपीठ शिव मंदिर में 69 लाख की लागत से बनेगा बहुउद्देशीय हॉल, मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने किया शिलान्यास

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं मुजफ्फरनगर सदर विधायक कपिल देव अग्रवाल ने अपनी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम शेरनगर स्थित प्राचीन सिद्धपीठ शिव मंदिर परिसर में पर्यटन विकास योजना के तहत करीब 69 लाख रुपये की लागत से बनने वाले बहुउद्देशीय हॉल का विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि, ग्रामवासी और श्रद्धालु मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ तीर्थ स्थलों पर आधुनिक सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है। सरकार का उद्देश्य श्रद्धालुओं को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना और स्थानीय क्षेत्रों के समग्र विकास को गति देना है। उन्होंने कहा कि शेरनगर का प्राचीन सिद्धपीठ शिव मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां वर्षभर हजारों श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।

ऐसे में मंदिर परिसर में बनने वाला बहुउद्देशीय हॉल धार्मिक अनुष्ठानों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, सत्संग, सामाजिक आयोजनों और जनहित के विभिन्न कार्यक्रमों के संचालन के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा। मंत्री ने कहा कि आगामी श्रावण कांवड़ यात्रा के दौरान यह भवन शिवभक्त कांवड़ियों के विश्राम, चिकित्सा सहायता, जलपान, सेवा कार्यों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। इससे लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और प्रशासन को भी यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं के संचालन में आसानी होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक स्थलों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित कर स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूत बनाने का कार्य कर रही है। इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र को धार्मिक पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान संत-महात्माओं और स्थानीय नागरिकों ने इस विकास कार्य के लिए प्रदेश सरकार और मंत्री कपिल देव अग्रवाल का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। अंत में मंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों, संत-महात्माओं, ग्रामवासियों और श्रद्धालुओं का सहयोग, स्नेह और आशीर्वाद मिलने पर धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि जनसेवा और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार की विकास यात्रा आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts