वैष्णो देवी मार्ग पर भीषण भूस्खलन में मुज़फ्फरनगर के श्रद्धालुओं की मौत, मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने परिजनों को दिलाया सांत्वना

मुज़फ्फरनगर  माता वैष्णो देवी मार्ग पर हुए भीषण भूस्खलन की खबर ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक हादसे में मुज़फ्फरनगर जनपद के कई श्रद्धालुओं की असामयिक मृत्यु हो गई। उनकी मौत की सूचना मिलते ही जनपद सहित पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई। जनपदवासियों का कहना है कि यह क्षति अपूरणीय है, जिसने कई परिवारों को बेसहारा कर दिया। इस हृदयविदारक घटना पर प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने गहरा शोक व्यक्त किया और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

चंडीगढ़ प्रवास से लौटने के तुरंत बाद मंत्री कपिल देव अग्रवाल शहाबुद्दीन रोड स्थित मृतक श्रद्धालुओं के परिजनों से मिलने पहुँचे। उन्होंने शोकाकुल परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में न केवल प्रदेश सरकार बल्कि पूरा समाज उनके साथ खड़ा है। मंत्री ने कहा कि सरकार हर संभव सहयोग करेगी ताकि परिवारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने आगे कहा कि माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस दर्दनाक हादसे से अत्यंत व्यथित हैं और उन्होंने अधिकारियों को पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

मंत्री ने परिजनों से संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस हादसे ने पूरे जनपद को शोकाकुल कर दिया है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवारों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि जनपद के लोग अकेले नहीं हैं, बल्कि प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री स्वयं उनके साथ खड़े हैं।

इस घटना के बाद लोगों में गहरा दुख और आक्रोश दोनों दिखाई दिया। श्रद्धालुओं की असामयिक मृत्यु ने जनपद में एक ऐसा शून्य पैदा कर दिया है जिसे भरना संभव नहीं है। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार इस दर्दनाक हादसे से प्रभावित हर परिवार तक पहुंचेगी और उनके पुनर्वास तथा सहायता के लिए जरूरी कदम उठाएगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts