मुजफ्फरनगर में प्रभारी मंत्री ने विकास कार्यों की समीक्षा,

मुजफ्फरनगर में 15 सितंबर 2025 को विकास भवन सभागार में ऊर्जा एवं वैकल्पिक ऊर्जा विभाग के राज्य मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर और व्यवसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने व्यापारिक संगठनों और अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में व्यापारिक संगठनों ने अपने सुझाव प्रस्तुत किए और सड़कों के गड्ढों को गड्ढा मुक्त करने, विद्युत आपूर्ति में सुधार, जर्जर विद्युत तारों की मरम्मत, अतिक्रमण हटाने तथा अन्य समस्याओं से अवगत कराया। इस पर प्रभारी मंत्री ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि व्यापारियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद में अब तक हुए विकास कार्यों की जानकारी दी।

 

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने बताया कि तहसील जानसठ और सदर के प्रभावित गांवों में जहां आबादी में पानी नहीं घुसा लेकिन कृषि क्षेत्र प्रभावित हुआ, वहां सर्वे कराया गया है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 850 राहत किट वितरित की गईं और कृषि फसल नुकसान का सर्वे भी पूरा हो चुका है। शासन से धनराशि की मांग कर दी गई है और स्वीकृति मिलते ही किसानों को भुगतान कर दिया जाएगा। सिंचाई विभाग ने बताया कि बाढ़ रोकथाम के लिए चार परियोजनाएं बनाई गई थीं, लेकिन इस बार अधिक बारिश से नदी का पानी बाहर निकल गया, जिसे 24 घंटे में नियंत्रित कर लिया गया। प्रभारी मंत्री ने भविष्य में बेहतर व्यवस्था की कार्ययोजना बनाने और प्रभावित सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।प्रभारी मंत्री ने अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस के साथ संयुक्त कमेटी बनाने, हर घर जल योजना की प्रगति रिपोर्ट जनप्रतिनिधियों को देने और नगर पालिकाओं को शीघ्र बेंडिंग जोन विकसित करने के निर्देश दिए। पीडब्ल्यूडी और अन्य विभागों को दीपावली से पहले सड़कों को गड्ढा मुक्त करने को कहा गया। विद्युत विभाग को शहरी ग्रामीण क्षेत्रों में नियमानुसार आपूर्ति सुनिश्चित करने, अनुपयोगी पोल और खंभों को हटाने तथा स्मार्ट मीटर संबंधी जानकारी नागरिकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी स्ट्रीट लाइट्स को संचालित रखने पर जोर दिया गया।मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सेवा पखवाड़ा अभियान के दौरान आयुष्मान कार्ड बनवाने हेतु शिविर आयोजित करने को कहा गया। प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि किसी भी सरकारी योजना से जुड़ा प्रकरण लंबित रहे। व्यवसायिक शिक्षा मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने दुग्ध विकास विभाग को लक्ष्य के अनुरूप भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुख तीर्थ स्थल स्थित श्मशान घाट पर लाइट की समस्या को लेकर नाराजगी भी जताई और तुरंत समाधान के आदेश दिए।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि मिशन शक्ति का अगला चरण 22 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित होगा, जिसमें बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और आत्मरक्षा प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष ठाकुर रामनाथ सिंह, राज्य महिला आयोग सदस्य सपना कश्यप, अन्य जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts