डीडवाना में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नए कार्यालय का समारोहपूर्वक शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मकराना के विधायक और कांग्रेस जिला अध्यक्ष जाकिर हुसैन गैसावत तथा डीडवाना के पूर्व विधायक चेतन डूडी ने फीता काटकर कार्यालय का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में विधायक जाकिर हुसैन ने कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने का संदेश देते हुए कहा कि तमाम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता समर्पण और मेहनत से पार्टी के विचारों के साथ खड़े हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर संविधान की धज्जियां उड़ाने और नफरत फैलाने का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं से मजबूती और आत्मविश्वास के साथ संविधान बचाने की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया।

वहीं, पूर्व विधायक चेतन डूडी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा किसान, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक, गरीब, मजदूर, महिला और छात्र सहित हर वर्ग के हितों की रक्षा करती आई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कांग्रेस को मजबूत करने की अपील की और कहा कि पार्टी लोकतंत्र को बचाने के लिए लगातार संघर्ष कर रही है।















