भोपा में मिशन शक्ति फेज-5 और साइबर जागरूकता अभियान के तहत छात्राओं को आत्मनिर्भरता व साइबर सुरक्षा का संदेश

मुजफ्फरनगर के भोपा थाना क्षेत्र स्थित श्रीमती हरबीर देवी डिग्री कॉलेज में मिशन शक्ति फेज-5 एवं साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान कॉलेज के प्रधानाचार्य विजय कुमार शर्मा एवं स्टाफ सदस्यों ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह और माल्यार्पण कर स्वागत किया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध ने छात्राओं को मिशन शक्ति अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह अभियान महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे समाज में अपनी सुरक्षा को लेकर हमेशा सजग रहें और किसी भी प्रकार की असुविधा या अपराध की स्थिति में तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबरों का प्रयोग करें।

कार्यक्रम के दौरान साइबर थाना टीम ने भी छात्राओं को डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। टीम द्वारा डिस्प्ले बोर्ड और डिजिटल माध्यमों के जरिए सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, ऑनलाइन ठगी से बचाव, सोशल मीडिया पर गोपनीयता बनाए रखने के तरीके तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1090, 112, 1930, 181, 1076 आदि की जानकारी दी गई। टीम ने बताया कि तकनीकी युग में सतर्क रहना ही सबसे बड़ी सुरक्षा है और हर व्यक्ति को डिजिटल साक्षरता बढ़ाने की दिशा में कदम उठाने चाहिए।

छात्राओं ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी दिखाई। उन्होंने महिला सशक्तिकरण और साइबर सुरक्षा के महत्व पर आधारित एक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा। नाटक के माध्यम से छात्राओं ने समाज में महिलाओं की भूमिका, आत्मरक्षा के अधिकार और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।

मुख्य अतिथि इन्दु सिद्धार्थ ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर और जागरूक महिलाएं ही एक सुरक्षित समाज की नींव होती हैं। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे मिशन शक्ति अभियान को जन-जन तक पहुँचाने में अपनी भूमिका निभाएं और अन्य महिलाओं व बालिकाओं को भी सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूक करें।

कार्यक्रम में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक सुल्तान सिंह, उपनिरीक्षक गौरव कुमार, कॉलेज के शिक्षकगण, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ मौजूद रहीं। यह कार्यक्रम मिशन शक्ति और साइबर सुरक्षा के तहत छात्राओं में आत्मविश्वास जगाने और समाज में जागरूकता फैलाने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts