मुंबई क्राइम ब्रांच ने एनसीपी नेता और पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी हत्या मामले में मकोका (MCOCA) की धाराएं जोड़ दी हैं। अब तक इस मामले में 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें ज्यादातर गिरफ्तारियां महाराष्ट्र से हुई हैं, जबकि कुछ आरोपियों को उत्तर प्रदेश और पंजाब से पकड़ा गया है। मुंबई क्राइम ब्रांच ने इस हत्या में तीन फरार आरोपियों के नाम भी घोषित किए हैं – शुभम लोनकर, निशान अख्तर, और अनमोल बिश्नोई।
क्राइम ब्रांच ने मकोका की धाराएं तभी जोड़ीं जब यह तथ्य सामने आया कि इस हत्या में लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई का हाथ था। अनमोल के खिलाफ सबूत मिलने के बाद उसे फरार घोषित किया गया, और मकोका के तहत गंभीर धाराएं एफआईआर में जोड़ी गईं। मकोका यानी महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट, 1999 में महाराष्ट्र सरकार द्वारा बनाया गया था, जिसका उद्देश्य संगठित अपराध को रोकना और अपराधियों से निपटने के लिए विशेष प्रावधान करना है।
यह कानून दिल्ली में भी लागू है, और केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इसे 2002 में राष्ट्रीय राजधानी में लागू किया था। मकोका का उपयोग उन अपराधियों के खिलाफ किया जाता है जो संगठित तरीके से अपराध करते हैं, जैसे कि सलमान खान के घर के बाहर गोली चलाने वाले आरोपियों के मामले में भी मकोका लगाया गया था।
बाबा सिद्दीकी की हत्या 12 अक्टूबर, 2024 को हुई थी। वह उस वक्त अपने बेटे और पूर्व विधायक जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के पास खड़े थे, जब उन पर गोलियां चलाई गईं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।















