जयपुर पुलिस ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए शुक्रवार को एक अभिनव नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया, जिसका आयोजन गौरव टावर (जीटी) पर पुलिस आयुक्त बीजू जॉर्ज जोसफ की अध्यक्षता में हुआ। इस नुक्कड़ नाटक का मुख्य संदेश था “हेलमेट है ज़रूरी”, जिसे पुलिस उपायुक्त पूर्व श्रीमती तेजस्विनी गौतम के निर्देशन में जयपुर पुलिस कर्मियों द्वारा स्व-रचित और अभिनीत किया गया।

नुक्कड़ नाटक में फिल्मी गाने जैसे “मैं निकला गड्डी लेके”, “रब जाने कब”, और “तेरे लिए सब छोड़ छाड़ के” के माध्यम से सड़क सुरक्षा नियमों और यातायात अनुशासन को सरल और प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाया गया। इसमें हेलमेट पहनने, यातायात संकेतों का पालन करने, तेज गति से वाहन न चलाने और सड़क पर सतर्क रहने के महत्व पर जोर दिया गया।पुलिस आयुक्त बीजू जॉर्ज जोसफ ने बताया कि जयपुर पुलिस इन कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित कर रही है। इस तरह के नुक्कड़ नाटक महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति, और साइबर अवेयरनेस जैसे विषयों पर भी किए जाएंगे।

कार्यक्रम के अंत में, बिना हेलमेट ड्राइविंग करने वाले दुपहिया वाहन चालकों को पुलिस आयुक्त ने हेलमेट वितरित किए। जयपुर पुलिस ने जनता से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और “हेलमेट है ज़रूरी” के संदेश को अपनाकर अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रशासन योगेश दाधीच, पुलिस उपायुक्त यातायात श्री सागर, पुलिस के उच्चाधिकारी, और आमजन उपस्थित रहे।
साथ ही, पुलिस उपायुक्त तेजस्विनी गौतम को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए डीजीपी और आईजीपी कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष प्रस्तुति देने के लिए चयन किया गया, जो एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।















