कांवड़ यात्रा तैयारियों का महापौर ने लिया जायजा, कई स्थानों पर होंगे नए रिबोर

सहारनपुर। महापौर डॉ. अजय कुमार ने मंगलवार देर शाम नगर निगम अधिकारियों और कांवड़ शिविर संचालकों के साथ बड़ी नहर से कुम्हारहेड़ा तक कांवड़ रूट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने करीब आधा दर्जन स्थानों पर नए रिबोर कराने, सड़क किनारे टाइलिंग कराने, विशेष साफ-सफाई व प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही वृक्षों की कटाई-छंटाई भी कराने को कहा गया। उन्होंने शिविर संचालकों से अतिथियों का स्वागत पौधारोपण से करने की अपील की।

महापौर ने बड़ी नहर के पास शिविर स्थल पर पांच पानी के टैंक, मिट्टी डालकर स्थल समतलीकरण और संपर्क मार्ग निर्माण के निर्देश दिए। डबनी वाला कब्रिस्तान के बाहर बैरिकेडिंग, दर्पण सिनेमा तिराहा पर पानी का टैंक, एसबीआई के सामने गड्ढा भराव, ढमोला पार शिविर पर पंप रिबोर, होटल क्लार्क के पास नाला सफाई व टाइलिंग, जेल चुंगी पर होर्डिंग हटाने के भी निर्देश दिए।

इसके अलावा देहरादून रोड पर कालूराम पेट्रोल पंप के सामने दूसरी पटरी पर नया बोरिंग, मधुगन पैलेस के बाहर सफाई, नौगजा पीर के पास शौचालय मार्ग निर्माण और शिवालिक गार्डन शिविर स्थल पर दो नए बोरिंग व सात पानी के टैंक रखने के आदेश दिए गए। निरीक्षण में अपर नगर आयुक्त मृत्युंजय, नगर स्वास्थ्य अधिकारी प्रवीण शाह, अधिशासी अभियंता आलोक श्रीवास्तव, पार्षदगण और शिविर संचालक आदि मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts