वसुंधरा रेजीडेंसी में भीषण आग, एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत, एक गंभीर रूप से झुलसा

मुजफ्फरनगर के थाना नई मंडी क्षेत्र अंतर्गत वसुंधरा रेजीडेंसी में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक मकान की दूसरी मंजिल पर अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही थाना नई मंडी पुलिस और फायर सर्विस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक यह हादसा तीन जिंदगियों को लील चुका था। इस दर्दनाक आगजनी की घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आग की इस घटना में जिन लोगों की मृत्यु हुई, उनमें अमित गौर पुत्र राममोहन गौर उम्र लगभग 50 वर्ष, नितिन गौर पुत्र राममोहन गौर उम्र लगभग 45 वर्ष तथा सुशीला पत्नी राममोहन गौर उम्र लगभग 68 वर्ष शामिल हैं। बताया गया कि अमित गौर मूल रूप से जनपद शामली के निवासी थे और वर्तमान में जनपद सहारनपुर में कानूनगो के पद पर कार्यरत थे। वह अपने परिवार के साथ वसुंधरा रेजीडेंसी में रह रहे थे। घटना के समय पूरा परिवार मकान में मौजूद था, तभी अचानक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आग लगने का कारण एलपीजी सिलेंडरों में आग लगना और उनके फटने की आशंका है। बताया जा रहा है कि आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने और बाहर निकलने का पर्याप्त समय नहीं मिल सका। आग की लपटें और धुएं के कारण मकान में फंसे लोगों की जान चली गई। मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए फायर ब्रिगेड को बुलाना पड़ा।

घटना की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फोरेंसिक टीम और फायर सर्विस की टीम घटनास्थल पर मौजूद रहकर आग लगने के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या किसी अन्य वजह से।

थाना नई मंडी पुलिस द्वारा मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही पूरे मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और स्थानीय लोग परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता का भरोसा दिया गया है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts