मुजफ्फरनगर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जनपद स्तरीय वृहद सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन नुमाइश मैदान, मेरठ रोड पर किया गया। इस कार्यक्रम में 1017 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ, जिसमें 295 मुस्लिम जोड़ों का निकाह और 722 हिंदू जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार, व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता विभाग उत्तर प्रदेश शासन, कपिल देव अग्रवाल शामिल हुए। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों की बेटियों के लिए वरदान साबित हो रही है। इस योजना के तहत प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को 51,000 रुपये की धनराशि प्रदान की जा रही है, जिसमें से 35,000 रुपये सीधे वधू के खाते में भेजे जा रहे हैं। इसके अलावा, वधू को शादी का जोड़ा, पायल, बिछिया, जबकि वर को पैंट-शर्ट, सहेरा, मुकुट, गमछा दिया गया। इसके साथ ही 51 बर्तनों का डिनर सेट, प्रेशर कुकर और ट्रॉली बैग भी प्रदान किया गया।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि किसी भी गरीब परिवार की बेटी बिना विवाह के न रहे। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को सुखमय दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल ने कहा कि इस योजना के तहत विवाह रजिस्टर्ड होते हैं, जिससे नवदंपतियों को कानूनी मान्यता मिलती है। विधायक मीरापुर मिथलेश पाल और नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने भी योजना की सराहना की और नवविवाहितों को आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी संदीप भागिया, अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह, ब्लॉक प्रमुख जानसठ, एसडीएम सदर निकिता शर्मा, समाज कल्याण अधिकारी विनीत मलिक, क्षेत्राधिकारी मंडी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉक्टर राजीव कुमार ने किया।















