अलवर जिले के सिली सेढ क्षेत्र में देसी कच्ची और जहरीली शराब के सेवन से पिछले 3 से 4 दिनों में लगभग 5 से 7 लोगों की मौत हो गई है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और स्थानीय लोगों में भारी डर और आक्रोश व्याप्त है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन हरकत में आ गया है। आबकारी विभाग, अकबरपुर पुलिस, तहसीलदार और मेडिकल टीम की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मृतकों की सही संख्या और जहरीली शराब के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच प्रक्रिया जारी है।
प्रशासन की ओर से आमजन से अपील की गई है कि वे किसी भी अवैध या संदेहास्पद शराब का सेवन न करें। साथ ही ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित विभाग या प्रशासन को दें, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।















