संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दुबई शहर में सोमवार को बीच सड़क पर अचानक ट्रक के खड़े होने से पीछे आ रही मिनीबस उससे टकरा गई. इस हादसे में कई भारतीय कामगारों की मौत हो गई. दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि दुबई में हुई दुखद सड़क दुर्घटना से हम बेहद दुखी हैं, जिसमें कई भारतीय कामगारों की जान चली गई.
भारतीय मिशन ने कहा कि वह हर संभव सहायता और समर्थन प्रदान करने के लिए स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है. दुबई पुलिस के यातायात विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर जुमा सलेम बिन सुवैदान ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि तकनीकी खराबी के कारण ट्रक अचानक सड़क के बीच में रुक गया था. उन्होंने एक बयान में कहा कि बस चालक ने कथित तौर पर ध्यान नहीं दिया और सुरक्षित दूरी नहीं रखी और ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी.
7 लोगों की मौत, 9 घायल
दुबई पुलिस के यातायात विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर जुमा सलेम बिन सुवैदान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तकनीकी खराबी के कारण ट्रक अमीरात रोड के बीचों बीच अचानक रुक गया था. उन्होंने एक बयान में कहा, बस चालक ने कथित तौर पर ध्यान नहीं दिया और सुरक्षित दूरी नहीं रखी, जिसके चलते उसने पीछे से ट्रक को टक्कर मार दी. उन्होंने आगे कहा, इस दुर्घटना में 7 लोगों की मौत हो गई और 9 लोग घायल हो गए, जिनमें पांच गंभीर रूप से घायल और चार मध्यम रूप से घायल हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है.
भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारी पहुंचे अस्पताल
भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने अस्पताल का दौरा किया और घायल भारतीयों से मुलाकात की. इस कठिन समय में हमारी हार्दिक संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं. ब्रिगेडियर जुमा सलेम ने बताया कि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए यातायात दुर्घटना जांच अनुभाग के विशेषज्ञों को घटनास्थल पर भेजा गया है ताकि वे निरीक्षण कर सटीक साक्ष्य जुटा सकें.
ट्रक और बस को सड़क से हटाया
उन्होंने कहा कि यातायात गश्ती दल ने यातायात को नियंत्रित किया, घटनास्थल को सुरक्षित किया और बचाव वाहनों के लिए आवागमन सुगम बनाया. कार्य दल ने क्षतिग्रस्त ट्रक और बस को भी हटाया ताकि यातायात सामान्य रूप से चल सके.















