मंडलायुक्त ने कलेक्ट्रेट का निरीक्षण कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

मुजफ्फरनगर। मंडलायुक्त सहारनपुर अटल कुमार राय ने आज कलेक्ट्रेट और विकास भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने न्यायिक अनुभाग, वाद सहायक, एनबीसी, आरए अनुभाग, सामान्य सहायक, बिल सहायक, नजारत, अभिलेखागार कक्ष और सीआरए कक्ष सहित जिला ग्राम विकास कार्यालय, जिला विकास अधिकारी कार्यालय, जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय का भी निरीक्षण किया।

मंडलायुक्त ने कलेक्ट्रेट न्यायिक अनुभाग में पत्रावलियों के रख-रखाव और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने रिकॉर्ड रूम में खतौनियों की सूची देखी और दाखिले की स्थिति की जानकारी ली। नकल रजिस्टर और लंबित प्रार्थना पत्रों की समीक्षा करते हुए बताया गया कि पांच प्रार्थना पत्र लंबित हैं, जिन्हें शीघ्र निपटाने का निर्देश दिया गया। कलेक्ट्रेट परिसर की सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई और प्रशासनिक अधिकारी को इसे बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारी और कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका, जीपीएफ पासबुक और स्थापना फाइलों की जांच की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि किसी भी कर्मचारी के देय भुगतान लंबित न रहें और सभी रिकॉर्ड अपडेट रहें। जिला पंचायत राज अधिकारी को स्वच्छ भारत मिशन के तहत बेहतर कार्य करने और गांवों को पुरस्कार दिलाने योग्य बनाने के निर्देश दिए गए।

मंडलायुक्त ने कलेक्ट्रेट परिसर में लीची का पेड़ लगाकर वृक्षारोपण किया। इसके बाद उन्हें पुलिस टुकड़ी द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

इसके अलावा, उन्होंने 25 से 27 मार्च तक लगने वाले तीन दिवसीय मेले की तैयारियों को लेकर नुमाइश मैदान का निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों से मेले की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी संदीप भागिया, अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट विकास कश्यप और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts