न्यूयॉर्क में नेतन्याहू को अरेस्ट कराएंगे ममदानी?

न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी ने कहा है कि अगर इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के लिए न्यूयॉर्क आते हैं, तो उनकी गिरफ्तारी हो सकती है या नहीं, इसे लेकर वह कानूनी सलाह ले रहे हैं. नेतन्याहू सितंबर में होने वाले संयुक्त राष्ट्र महासभा के सत्र में शामिल होने के लिए न्यूयॉर्क आने वाले हैं.द न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए इंटरव्यू में ममदानी ने कहा कि उनके मुताबिक नेतन्याहू को न्यूयॉर्क नहीं, बल्कि हेग (नीदरलैंड) में होना चाहिए. उन्होंने कहा, वह एक युद्ध अपराधी हैं. अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (ICC) ने उनके खिलाफ आरोप तय किए हैं. दुनिया में बहुत से लोग भी यही मानते हैं. पिछले कई सालों में उनके फैसलों और सैन्य कार्रवाई के कारण यह स्थिति बनी है.

क्या ममदानी के पास गिरफ्तारी का अधिकार है?

ममदानी ने बताया कि मेयर चुनाव प्रचार के दौरान भी उन्होंने कहा था कि अगर नेतन्याहू न्यूयॉर्क आए तो उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए. हालांकि अब उनका कहना है कि उन्हें यह साफ नहीं है कि न्यूयॉर्क सिटी के मेयर के तौर पर उनके पास किसी दूसरे देश के प्रधानमंत्री को गिरफ्तार कराने का कानूनी अधिकार है या नहीं. इसलिए वह शहर के कानूनी सलाहकारों से राय ले रहे हैं. उन्होंने कहा कि न्यूयॉर्क का कानून मुझे जो करने की इजाजत देगा, मैं वही करूंगा.ममदानी के इस बयान पर इजराइल ने कड़ी प्रतिक्रिया दी. संयुक्त राष्ट्र में इजराइल के राजदूत डैनी डैनन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि ममदानी को मेयर के तौर पर अपनी जिम्मेदारियों पर ध्यान देना चाहिए. उन्होंने कहा कि न्यूयॉर्क में बढ़ रही यहूदी-विरोधी घटनाओं से निपटने के बजाय वह इजराइल पर हमला करके सुर्खियां बटोरना चाहते हैं.

नेतन्याहू का न्यूयॉर्क दौरा तय

डैनन ने कहा कि ममदानी के बयान से कुछ नहीं बदलेगा. उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री नेतन्याहू तय कार्यक्रम के मुताबिक न्यूयॉर्क आएंगे, संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करेंगे और दुनिया के सामने इजराइल का पक्ष तथा अपने नागरिकों की रक्षा के अधिकार को मजबूती से रखेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी को गिरफ्तार किया जाना चाहिए, तो वह खुद न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी हैं.इससे पहले एक न्यूयॉर्क रेडियो कार्यक्रम में नेतन्याहू ने भी ममदानी पर निशाना साधा था. उन्होंने आरोप लगाया था कि ममदानी हमास का समर्थन करते हैं. नेतन्याहू ने यह भी कहा था, मुझे लगता है कि वह अंदर ही अंदर अमेरिका से नफरत करते हैं.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts