पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने किसानों और बेरोजगार युवाओं को लेकर कई अहम घोषणाएं की हैं। इन ऐलानों को चुनाव से पहले सरकार का बड़ा सामाजिक-आर्थिक कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों और युवाओं की आर्थिक मजबूती के लिए नई योजनाओं को लागू कर रही है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने घोषणा की कि जिन किसानों के पास एक कट्ठा जमीन है, उन्हें सरकार की ओर से हर साल 4000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही खेती करने वाले किसानों को बिजली पूरी तरह मुफ्त देने का भी ऐलान किया गया है, जिससे किसानों की लागत कम होगी और खेती को बढ़ावा मिलेगा।महिलाओं के लिए चल रही लक्ष्मी भंडार योजना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के तहत महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता दी जा रही है। इसी कड़ी में अब बेरोजगार युवाओं के लिए ‘युवा साथी योजना’ शुरू की जा रही है। इस योजना के तहत 10वीं पास बेरोजगार युवकों को हर महीने 1500 रुपये दिए जाएंगे। खास बात यह है कि यह राशि अगस्त से नहीं, बल्कि अप्रैल महीने से लागू मानी जाएगी, जिससे युवाओं को पिछला लाभ भी मिलेगा।
इसके अलावा सरकार ने जानकारी दी कि एग्रीकल्चर, इरिगेशन, पावर और यूथ डिपार्टमेंट द्वारा संयुक्त रूप से विशेष कैंप लगाए जाएंगे। ये कैंप 15 फरवरी से 26 फरवरी तक, छुट्टियों को छोड़कर, सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किए जाएंगे, जहां योजनाओं से जुड़ी जानकारी और पंजीकरण की सुविधा मिलेगी।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मुख्यमंत्री के ये ऐलान चुनाव से पहले किसानों, महिलाओं और युवाओं को साधने की रणनीति का हिस्सा हैं।















