असम रात एक बड़ा रेल हादसा टल गया जब एक जोरदार धमाके के बाद रेलवे ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गया। यह घटना असम के बोंगाईगांव जिले के पास स्थित सत्रा कचर इलाके में हुई, जहां देर रात अचानक विस्फोट की आवाज से आसपास के गांवों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना रेलवे अधिकारियों और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची रेलवे और बम निरोधक दस्ते की टीमों ने पूरे इलाके को घेर लिया और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि धमाका ट्रैक के किनारे हुआ, जिससे पटरियों का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इस हादसे के चलते गुवाहाटी-नई दिल्ली सहित कई लंबी दूरी की ट्रेनें प्रभावित हुईं और ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोक दिया गया। रेलवे अधिकारियों ने सतर्कता बरतते हुए प्रभावित रूट पर ट्रेनों की आवाजाही अस्थायी रूप से बंद कर दी। इंजीनियरों की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त ट्रैक की मरम्मत शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस ने घटनास्थल से कुछ संदिग्ध वस्तुएं बरामद की हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
हालांकि राहत की बात यह रही कि धमाके के समय कोई ट्रेन ट्रैक पर नहीं थी, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। फिलहाल रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों ने कहा है कि घटना की जांच हर कोण से की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह हादसा किसी तकनीकी खराबी के कारण हुआ या इसके पीछे कोई साजिश है।















